देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सहसपुर, देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और छात्रों को बैग वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के तुरंत बाद स्थापित यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रधानाचार्य डॉ. रविंद्र कुमार सैनी के 35 वर्षों की सेवा की सराहना की और कहा कि उनके मार्गदर्शन में पढ़े छात्र आज देश के विभिन्न हिस्सों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने विद्यालय द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की विशेष सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को समय की महत्ता समझाते हुए कहा कि समय अनमोल होता है और एक बार चला गया तो वापस नहीं आता। उन्होंने छात्रों से मेहनत कर अपने सपनों को साकार करने और स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे नकल माफिया जेल में हैं और बीते तीन वर्षों में कोई भी परीक्षा पत्र लीक नहीं हुआ है। इस दौरान 20,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी नौकरियाँ मिली हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार ही व्यक्ति को समाज और देश के लिए योग्य बनाते हैं। साथ ही, उन्होंने चरित्र निर्माण के महत्व पर भी बल दिया।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तराखंड ऐसा पहला राज्य है जिसने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू किया। राज्य में 141 पीएमश्री स्कूल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों का निर्माण जारी है। 13 जिलों में 50 वर्चुअल क्लासरूम स्थापित किए जा चुके हैं और सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य कर दी गई हैं।
मेधावी छात्रों को 600 से 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ भारत भ्रमण की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
राज्य सरकार ने आपदा, महामारी या दुर्घटना के कारण अनाथ हुए बच्चों के लिए भी एक विशेष शिक्षा योजना आरंभ की है। राज्य में 20 मॉडल कॉलेज और 9 नए महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है, जिनमें महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का भी निर्माण हो रहा है।
खेलों के प्रोत्साहन हेतु कई योजनाएं शुरू की गई हैं। हाल ही में संपन्न राष्ट्रीय खेलों में राज्य ने सातवां स्थान हासिल किया है। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की योजना भी शुरू की है।
इस कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीरू देवी, प्रधानाचार्य डॉ. रविंद्र कुमार सैनी, डॉ. डीएस मान, आचार्य श्री आशीष सेमवाल, एसडीएम विकासनगर विनोद सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।