देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य योजना के तहत कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए धनराशि की स्वीकृति दी है। जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र धारचूला में भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी पर स्थित छारछूम में निर्माणाधीन 110 मीटर डबल लेन मोटर सेतु के नेपाल की ओर (डाउन स्ट्रीम) पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए ₹379.41 लाख की धनराशि की स्वीकृति दी गई है।
इसके अतिरिक्त, जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र मसूरी में जिला पंचायत क्षेत्र चन्द्रोटी के विभिन्न ग्राम पंचायतों की आंतरिक सड़कों के निर्माण हेतु ₹472.81 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
नन्दा देवी राज जात यात्रा के अंतर्गत जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र थराली के विकासखंड नन्दानगर में घाट-रामणी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹659.08 लाख, धारी ढुण्डसिर (कीर्तिनगर डांगधारी) मोटर मार्ग हेतु डी.बी.एम./बी.सी. द्वारा हॉट मिक्सिंग कार्य के लिए ₹697.35 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के अंतर्गत 12 योजनाओं के लिए ₹453.96 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकृति प्रदान की कि रा.इ.का. थाती बूढ़ाकेदार, टिहरी गढ़वाल का नाम शहीद हवलदार बचन सिंह नेगी, रा.इ.का. दुबचौड़ा, चम्पावत का नाम शहीद लांस नायक विक्रम सिंह, रा.इ.का. हटाल, (चकराता), देहरादून का नाम स्व. पंडित झांऊराम शर्मा, और रा.इ.का. सैंधर (बीरोंखाल), पौड़ी गढ़वाल का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. शम्भू प्रसाद जोशी के नाम पर परिवर्तन किया जाएगा।