देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से बुधवार को राजभवन में हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को 22 मई को ऋषिकेश से पंज प्यारों की अगुवाई में रवाना होने वाले पहले जत्थे में आमंत्रित किया, जिससे हेमकुंड साहिब यात्रा-2025 की शुरुआत होगी। यात्रा के तहत 25 मई को गुरुद्वारे के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
राज्यपाल ने यात्रा तैयारियों और मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने पर जोर दिया। श्री बिंद्रा ने बताया कि सेना ने मार्गों का निरीक्षण कर लिया है और जल्द ही बर्फ हटाने का कार्य शुरू होगा। गोविंदघाट में वैली ब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है और अन्य मरम्मत कार्य भी तय समय में पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट, शासन और प्रशासन के सहयोग से यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही, उन्होंने राज्यपाल से उत्तराखंड के प्रमुख गुरुद्वारों पर आधारित कॉफी टेबल बुक की प्रगति पर भी चर्चा की।