देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए लैब ऑन व्हील्स – मोबाइल साइंस लैब परियोजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस चरण में उन्होंने 9 मोबाइल साइंस लैब्स की सौगात दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय परिसर में साइंस लैब वैन में प्रदर्शित विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण किया और सभी 9 मोबाइल लैब्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी मुख्यमंत्री ने चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी जिलों के लिए प्रथम चरण की मोबाइल साइंस लैब्स का शुभारंभ किया था।
यूकॉस्ट (उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने जानकारी दी कि प्रथम चरण में इन चार जिलों में परियोजना का सफल संचालन हुआ, जिसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए अब शेष जिलों में भी इसका विस्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान को लोकप्रिय बनाना तथा छात्रों को व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना है।
परियोजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को जीवविज्ञान, रसायन, भौतिकी, गणित आदि विषयों को प्रयोगों, मॉडल्स और विज्ञान गतिविधियों के माध्यम से समझने का अवसर मिल रहा है।
प्रो. पंत ने बताया कि दूसरे चरण में उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में यह सुविधा शुरू की जा रही है।
कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव नितेश झा, साइंस सिटी के सलाहकार जी.एस. रौतेला, यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डी.पी. उनियाल, परियोजना समन्वयक ई. जितेन्द्र कुमार, अमित पोखरियाल, विकास नौटियाल, पुनीत सिंह तथा सहयोगी संस्था अगस्त्या इंटरनेशनल से अमित कुमार, अशोक सिंह, योगेश के साथ-साथ विभिन्न स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं — राम आश्रय चौहान, निधि, शिवानी कोहली, सीमा भंडारी, अभय शर्मा, सुमन गुप्ता, अनीता नेगी — और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।