देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सिलक्यारा सुरंग के पास नवनिर्मित बाबा बौखनाग मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। यह अनुष्ठान दोपहर 12 बजे सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने सुरंग के ब्रेकथ्रू स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की।
स्मरणीय है कि वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग निर्माण के दौरान हुए हादसे में 41 श्रमिक 17 दिनों तक सुरंग में फंसे रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में चलाए गए रेस्क्यू अभियान के तहत सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसी समय मुख्यमंत्री ने बाबा बौखनाग मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था, जिसे अब साकार किया गया है।
सिलक्यारा सुरंग चारधाम यात्रा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना है। लगभग ₹853 करोड़ की लागत से बन रही यह 4.531 किलोमीटर लंबी सुरंग दो लेन और द्विदिशीय होगी। इसके निर्माण से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के बीच दूरी 26 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को सुविधा और समय की बचत होगी। आज का दिन न केवल धार्मिक दृष्टि से विशेष है, बल्कि प्रदेश के आधारभूत ढांचे और तीर्थ यात्रा मार्गों के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि भी है।